Showing posts with label अनुभवों. Show all posts
Showing posts with label अनुभवों. Show all posts

Sunday, 15 February 2026

ज्ञान का भंडार: अनुभवों से समृद्ध सीखने की यात्रा -Sunbeam Gramin School

A BUSHEL OF LEARNING

लेखक अपने बचपन के सीखने के अनुभवों का वर्णन करता है, जहाँ शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं थी, बल्कि जीवन, प्रकृति और गुरु के साथ बिताए गए समय से गहराई से जुड़ी हुई थी। लेखक बताता है कि शुरू में उसका पढ़ाई में मन नहीं लगता था, लेकिन धीरे-धीरे लिखने, देखने और अनुभव करने की आदत ने उसके सीखने के तरीके को बदल दिया। यह दिखाता है कि सच्ची शिक्षा रुचि और अनुभव से जन्म लेती है, न कि दबाव से।

इन पंक्तियों में शिक्षक “जॉर्ज” का चरित्र बहुत महत्वपूर्ण है। वह केवल पढ़ाने वाला शिक्षक नहीं, बल्कि मार्गदर्शक था, जो किताबों को सहेजकर धैर्य के साथ पढ़ाता और हर विषय को समझने योग्य बनाने की कोशिश करता था। गणित जैसे कठिन विषय को भी वह रोज़मर्रा के उदाहरणों से जोड़कर सरल बनाता था। इससे स्पष्ट होता है कि अच्छा शिक्षक वही होता है जो विषय से अधिक छात्र को समझे।

लेख में प्रकृति के साथ बिताए गए समय का भी सुंदर वर्णन है—जैसे बगीचे, पेड़, कीड़े-मकोड़े, समुद्र और चट्टानें। ये सभी अनुभव लेखक के लिए किताबों से बाहर की कक्षा थे। प्रकृति ने उसे ध्यान से देखना, तुलना करना और गहराई से सोचना सिखाया। यही अनुभव उसके “ज्ञान के भंडार” को समृद्ध करते हैं।

इन अंशों से यह संदेश मिलता है कि सीखना केवल अकादमिक ज्ञान नहीं है, बल्कि धैर्य, जिज्ञासा, अनुशासन और संवेदनशीलता का विकास भी है। जीवन के छोटे-छोटे अनुभव मिलकर ज्ञान का एक बड़ा खज़ाना बनाते हैं।

मंजुला सागर

“A Bushel of Learning” का अर्थ है सीखने का एक बड़ा भंडार। सीखना एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसे हम जितना करते हैं, वह उतना ही बढ़ता है। इस कहानी से हमें यह सीख मिलती है कि ज्ञान केवल किताबों में ही नहीं, बल्कि अनुभवों, गलतियों और दूसरों से भी बहुत कुछ सीखने से प्राप्त होता है।

जब हम लगातार सीखते और अभ्यास करते हैं, तो हमारा आत्मविश्वास भी बढ़ता है। इस कहानी का संदेश है कि सीखना कभी बंद नहीं करना चाहिए। हमें अपनी गलतियों से सीखना चाहिए और उनमें सुधार करके आगे बढ़ना चाहिए।

मुझे यह भी समझ आया कि ज्ञान एक ऐसा धन है, जिसे कोई चुरा नहीं सकता। यदि हम रोज़ थोड़ा-थोड़ा सीखते रहें, तो धीरे-धीरे हमारे पास भी सीखने का बड़ा भंडार बन सकता है। इस पाठ से हमें यह सीख मिलती है कि हमें कभी भी ज्ञान का गलत प्रयोग नहीं करना चाहिए, बल्कि अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए उसका सही उपयोग करना चाहिए।

धन्यवाद।
प्रिया, कक्षा 7

जेराल्ड डरेल द्वारा लिखित कहानी “A Bushel of Learning” से हमें अनुभवजन्य शिक्षा और व्यक्तित्व की रुचियों के पोषण का महत्व समझ में आता है। इस कहानी से मिलने वाली सीख इस प्रकार है—

किताबी ज्ञान से परे शिक्षा:
कहानी बताती है कि शिक्षा केवल चारदीवारी के भीतर या पाठ्य-पुस्तकों तक सीमित नहीं है। प्रकृति, आसपास के वातावरण और व्यावहारिक अनुभवों से भी बहुत कुछ सीखा जा सकता है।

रुचि के अनुसार सीखना:
जेराल्ड को प्रकृति और जीवों में रुचि थी। कहानी सिखाती है कि बच्चों को उनकी पसंद और जिज्ञासा के अनुसार सीखने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, न कि उन पर पारंपरिक पढ़ाई जबरदस्ती थोपी जाए।

शिक्षा का आनंदमय होना:
सीखने की प्रक्रिया बोझिल होने के बजाय आनंददायक होनी चाहिए। जब सीखना मज़ेदार होता है, तो ज्ञान अधिक गहरा होता है।

यह कहानी हमें सिखाती है कि सच्ची शिक्षा वही है, जो जिज्ञासा को जगाए और व्यावहारिक जीवन से जुड़ी हो।

शिवानी यादव, कक्षा 6


 

Thursday, 6 November 2025

The Inner Life of Animals - Manjula Sagar

The Inner Life of Animals
By Peter Wohlleben

इस कहानी में लेखक तितलियों और पतंगों (moths) का उदाहरण देते हैं। तितलियाँ अपने रंग-बिरंगे पंखों और डिज़ाइनों से शिकारी पक्षियों को डराती हैं—जैसे मोर तितली के पंखों पर बड़ी आँखों जैसे निशान होते हैं, जो दुश्मनों को भ्रमित करते हैं। वहीं, पतंगें अपने भूरे और धूसर रंगों से पेड़ों की छाल में छिप जाती हैं ताकि दिन में उन्हें कोई देख न सके, क्योंकि वे तब सुस्त होती हैं और आसानी से शिकार बन सकती हैं। अगर किसी पतंगे का रंग पेड़ की छाल से मेल नहीं खाता, तो पक्षी उसे तुरंत पहचानकर खा सकते हैं।
इन उदाहरणों से लेखक दिखाते हैं कि प्रकृति दिखने में भले ही शांत और सुंदर लगे, लेकिन जानवरों के लिए यह निरंतर सतर्कता और जीवित रहने की चुनौती से भरी हुई है।
जानवर अपने मृत्यु के समय को पहले से महसूस कर लेते हैं और बहुत शांत ढंग से उसका सामना करते हैं। वे अपनी पुरानी बकरियों का उदाहरण देते हैं, खासकर एक का नाम श्वैनली (Schwänli) था, जो मरने से कुछ समय पहले झुंड से अलग हो गई थी। उसने डर या पीड़ा के बिना, सामान्य नींद की मुद्रा में आराम से लेटकर शांति से प्राण त्याग दिए, जिसे डिमेंशिया हो गया था। वह रास्ता भटक गई थी और बाद में उसके बेटे की कोशिशों से जंगल में एक धारा के पास शांति से लेटी हुई मिली। जंगली जानवरों में ऐसे मामलों को देखना मुश्किल होता है, क्योंकि मानसिक रूप से कमजोर जानवर शिकारीयों का आसान शिकार बन जाते हैं। यहाँ तक कि शिकारी जानवर भी जब बूढ़े या कमजोर हो जाते हैं, तो अक्सर भूख से मर जाते हैं।

इन अनुभवों के माध्यम से पता चलता हैं कि जानवर भी जीवन के अंत तक गरिमा और सहनशीलता के साथ बुढ़ापे और मृत्यु का सामना करते हैं। जानवर भी इंसानों की तरह उम्र बढ़ने के प्रभावों — शारीरिक कमजोरी, व्यवहारिक परिवर्तन और मानसिक गिरावट — से गुजरते हैं, और वे भी जीवन के पूरे चक्र का अनुभव करते हैं।

लेखक पीटर वोहलेबेन बताते हैं कि बुढ़ापा घोड़ों को किस तरह प्रभावित करता है, खासकर उनकी नींद और सुरक्षा को लेकर। वे समझाते हैं कि घोड़े भी इंसानों की तरह गहरी नींद लेते समय सपने देखते हैं — उस समय उनके पैर या होंठ हिलते हैं, जैसे वे सपने में दौड़ रहे हों या खा रहे हों। लेकिन गहरी नींद के लिए उन्हें ज़मीन पर लेटना पड़ता है, और वहीं सबसे बड़ा खतरा होता है।
इस उदाहरण से लेखक दिखाते हैं कि बूढ़े जानवर भी अपनी सुरक्षा के लिए आराम और विश्राम का त्याग कर देते हैं, और यह उनकी जीवित रहने की प्रवृत्ति का हिस्सा है।

अंत में लेखक यह सोचते हैं कि क्या जानवर अपनी मृत्यु के निकट आने का एहसास कर पाते हैं। जैसे कुछ मनुष्य अपनी मृत्यु का पूर्वाभास कर लेते हैं, वैसे ही कुछ जानवर भी अंत को शांत मन से स्वीकार कर लेते हैं। लेखक के अनुसार, जानवर केवल बुढ़ापे से नहीं गुजरते, बल्कि उन्हें जीवन और मृत्यु के प्राकृतिक चक्र की भी एक मूक समझ होती है।
इस कहानी के माध्यम से हम ये समझते हैं कि जानवरों में भी भावनात्मक गहराई, समझ और समुदाय की भावना होती है। वे न केवल अपने जीवन को, बल्कि मृत्यु को भी बुद्धिमत्ता और गरिमा के साथ स्वीकार करते हैं।

— Manjula Sagar
Sunbeam Gramin School

Reflections Since 2021