गुरु नानक देव जी का जीवन हमें सिखाता है कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने अपने जीवन के हर कार्य में प्रेम, समानता और करुणा का संदेश दिया।
इस एपिसोड "लिहाज़-ए-इंसानियत" का अर्थ है दूसरों का आदर करना, उनकी भावनाओं की कदर करना और हर इंसान को बराबर मानना। गुरु नानक जी ने बताया है कि ईश्वर किसी एक धर्म, जाति या वर्ग में नहीं बसता, बल्कि हर जीव में मौजूद है। इसलिए जब हम किसी व्यक्ति का सम्मान करते हैं, उसकी मदद करते हैं या उसके प्रति दया दिखाते हैं, तो यह किसी पूजा से कम नहीं होता। सच्ची भक्ति वहीं है जो मानवता में दिखाई दे।
आज के समय में, जब लोग एक-दूसरे से दूर हो रहे हैं और समाज में भेदभाव बढ़ रहा है, तब गुरु नानक जी की यह सीख और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। यह एपिसोड हमें सिखाता है कि कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता; हर इंसान ईश्वर की रचना है। जब हम दूसरों के विचारों और भावनाओं का आदर करते हैं, तो हम दुनिया में शांति और भाइचारे का वातावरण बनाते हैं।
मानव जीवन की सबसे बड़ी खूबसूरती उसकी इंसानियत में छिपी होती है। गुरु नानक जी ने सिखाया कि इंसान को उसके धर्म, जाति, रूप या रंग से नहीं, बल्कि उसके स्वभाव और व्यवहार से जाना जाता है। और जब गुरु नानक जी अपनी यात्राओं पर निकले, तो उन्होंने हर देश और हर धर्म के व्यक्ति को एक ही बात कही—सबका मालिक एक है। उन्होंने बताया कि जब हम दूसरों की तकलीफ समझते हैं, उनकी मदद करते हैं और सबके साथ बराबरी का व्यवहार करते हैं, तभी सच्ची इबादत होती है।
— साक्षी खन्ना, आर्थर फुट अकादमी