Wednesday, 17 September 2025

गुरु नानक देव जी की यात्राओं से जीवन के मूल्यों की सीख- Swati

"Allegory - The Tapestry of Guru Nanak Travels" को देखकर मेरे मन में यह विचार आता है कि यह केवल एक ऐतिहासिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसमें जीवन जीने का तरीका और सोचने का दृष्टिकोण छिपा है। गुरु नानक देव जी की यात्राएँ हमें सिखाती हैं कि इंसान को केवल अपनी सीमाओं में बंधकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे समाज को अपने परिवार की तरह देखना चाहिए।

मुझे सबसे ज़्यादा यह बात प्रभावित करती है कि जहाँ भी गुरु नानक देव जी गए, उन्होंने हर धर्म, जाति और भाषा के लोगों से बातचीत की। वह यह दिखाना चाहते थे कि ईश्वर तक पहुँचने वाला रास्ता सबके लिए समान है। इसमें कोई ऊँच-नीच नहीं है। आज जब दुनिया में भेदभाव, घृणा और विभाजन की घटनाएँ देखने को मिलती हैं, तो गुरु नानक देव जी का संदेश और भी ज़्यादा प्रेरित करता है।

गुरु नानक देव जी की यात्राओं से मैंने यह महसूस किया है, इस एपिसोड के माध्यम से, कि असली यात्रा बाहर की नहीं, बल्कि अपने मन के भीतर की होती है। बाहर की यात्रा हमें सिर्फ़ दुनिया दिखाती है, लेकिन भीतर की यात्रा हमें अपने मन और आत्मा से जोड़ती है। गुरु नानक देव जी की यात्राएँ हमें सोचने पर मजबूर करती हैं और सिखाती हैं कि हम अपने जीवन में कितनी सादगी, प्रेम और करुणा ला पाते हैं।

गुरु नानक देव जी की यात्राओं को जानकर मैंने यह समझा है कि जीवन का असली उद्देश्य केवल सफलता और पैसे कमाना नहीं है, बल्कि असली उद्देश्य है—एक अच्छा और सच्चा इंसान बनना, दूसरों की सेवा करना और ईश्वर को हर जगह देखना।

Swati
Arthur Foot Academy

No comments:

Post a Comment

Reflections Since 2021